पानीपत। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन पर जन शताब्दी एक्सप्रेस (12058) के एसी कोच पर कोहंड रेलवे स्टेशन के पास रविवार रात करीब दो बजे पत्थरबाजी कर दी। पत्थर एसी कोच सी-4 के शीशे से टकराया। इससे ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में दहशत फैल गई। यात्रियों ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी।
आरपीएफ थाना के प्रभारी दिनेश कुमार मीना की देखरेख में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रेलवे लाइन के आसपास दो संदिग्ध दिखाई दिए। उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में एक युवक ने जनशताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने की बात स्वीकार कर ली। उसने अपना नाम रमेश कुमार निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल किया वह इससे पहले अमृतसर-नई दिल्ली एक्सप्रेस पर भी पत्थर फेंक चुका है। एक यात्री ने बताया कि वह जन शताब्दी एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। करनाल रेलवे स्टेशन से ट्रेन निकलने के कुछ देर बाद शीशे से कुछ टकराया। इससे जोरदार आवाज आई।