नीलोखेड़ी में शनिवार देर रात दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर नंबर की बस पर पथराव कर दिया गया। डिवाइन स्टार रेस्टोरेंट के बाहर हुई घटना में बस के कई शीशे टूट गए। अचानक हुए पथराव से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा सरकार और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बुटाना थाना प्रभारी विपिन कुमार के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे बस रेस्टोरेंट के पास पार्किंग में खड़ी थी। इसी दौरान वहां खड़ी एक कार से बस टच होने पर दोनों चालकों के बीच बहस हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों ने शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर कार सवार युवकों ने बस पर पथराव कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और वे वहां से चले गए। किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक ने दावा किया कि बस की कार से टक्कर नहीं हुई थी और पथराव में बस के शीशे व पैनल टूट गए। उसने एक बुजुर्ग की नाक पर चोट लगने और बस की नंबर प्लेट तोड़े जाने का भी आरोप लगाया। हालांकि इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पुलिस से दोषियों को पकड़ने तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की।