आखिरकार बागवानी विभाग ने किसान सब्जी मेला का स्थान सब्जी उत्कृष्टता केंद्र से बदलकर नई अनाज मंडी में कर दिया है। मेले की व्यवस्था बदलने में अधिकारियों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को पोली हाउस में भ्रमण कराने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को वित्तायुक्त रोशनलाल के साथ-साथ बागवानी विभाग के अधिकारियों ने नई अनाज मंडी का दौरा किया और अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए। वित्तायुक्त रोशनलाल मेले की तैयारी का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन किसी कारणवश उन्होंने तुरंत दिल्ली जाना पड़ गया।
इसलिए वे मेले के निरीक्षण को अधर में छोड़ कर दिल्ली रवाना हो गए। दरअसल, सब्जी मेले का सब्जी उत्कृष्टता केंद्र में होना था। इसकी तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन दो दिन की बारिश ने अधिकारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक की।
जिसमें नई अनाज मंडी में मेले का आयोजन करने का फैसला लिया गया। नई अनाज मंडी में तैयारी चल रही हैं, जिससे किसान सब्जी मेले ने अधिकारियों के पसीने छुड़ा दिए। सब्जी उत्कृष्टता अधिकारी सतेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बारिश होने के कारण पोली हाउस में मेले का आयोजन किया जाना था, लेकिन मेले के कार्यक्रम स्थल में पानी भरने के कारण मेले का स्थान बदल दिया है।
उन्होंने बताया कि किसान सब्जी मेले का आयोजन नई अनाज मंडी में किया जा रहा है। किसानों की सब्जी प्रदर्शनी नई अनाज मंडी में ही लगाई जाएगी। पोली हाउस तकनीक की जानकारी देने के लिए किसानों को नई अनाज मंडी से पोली हाउस में लाया जाएगा और भ्रमण कराने के बाद बसों में ही नई अनाज मंडी ले जाया जाएगा। उन्होेंने कहा कि मेले में प्रदेश भर से 15 हजार किसानों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। मेले में कृषि मंत्री परमवीर सिंह शिरकत करेंगे।