संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभाने वाले कोचों का पिछले तीन महीने की वेतन अटका हुआ है। जिले में चल रही करीब 36 खेल नर्सरी में कुल 53 कोच निरंतर खिलाड़ियों को अलग-अलग खेल का अभ्यास करवा रहे हैं। विभाग की ओर से कोचों को 20 हजार से 25 हजार रुपये प्रति माह वेतन दिया जाता है, जिसमें से अभी तक अक्तूबर माह तक का वेतन आया है और अभी तीन माह का करीब 11 लाख 95 हजार रुपये बकाया है। खेल मंत्री की घोषणा के बाद भी कोचों को तीन से चार महीने इंतजार करना पड़ेगा। खेल विभाग की ओर से पंचकुला पत्र लिखकर भेजा जा चुका है।
अक्तूबर 2025 तक का वेतन सभी खेल नर्सरी के कोचों के खाते में डाल दिया गया है। तीन माह का वेतन भी बहुत जल्द मिलेगा। जैसे ही राशि आती है, उसे तुरंत कोच के खातों में डाल दिया जाएगा।
- जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा