शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय सर्कल कबड्डी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। थ्रो बाल के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया गया। लड़कियों की सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में असंध की बेटियों का दबदबा रहा। फाइनल मुकाबले में असंध की टीम ने करनाल की टीम को हराकर जीत अपने नाम की। जबकि लड़कों की सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में नीलोखेड़ी की टीम ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता की शुरुआत राजकीय उच्च विद्यालय चोरपुरा व आर्य कन्या गुरुकुल मोर माजरा की लड़कियों के सर्कल कबड्डी के मैच से हुई। जिला क्रीड़ा सचिव नरेंद्र सिंह विर्क ने खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया और उन्हें खेल की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। क्रीड़ा सचिव बलराज सिंह ने बताया कि खेलों में रोशन लाल, प्रदीप, कुलदीप राणा, सूरजपाल व सतीश कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर सुरेंद्र मान, कुलबीर सिंह, विजय पाल, दलबीर सिंह, परमजीत, नितिन, सुमन, महेंद्र पाठक, दर्शन सिंह, देवेंद्र चौधरी, ममता, रमेश, रणबीर, विकास मलिक आदि मौजूद रहे।
ट्रायल के आधार पर हुआ थ्रो बाल खिलाड़ियों का चयन
क्रीड़ा सचिव बलराज सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा कबड्डी व थ्रो बॉल सहित कुछ अन्य खेलों को स्कूल प्रतियोगिताओं से हटाने का आदेश जारी किया गया था, तीन सितंबर को विभाग से आए पत्र के बाद सर्कल कबड्डी व थ्रो बॉल को स्कूली खेलों में शामिल किया गया है। इस कारण दोनों खेलों की प्रतियोगिता अब करवाई गई है। सर्कल कबड्डी में अंडर-19 व अंडर-17 आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों के मुकाबले करवाए गए। उन्होंने बताया कि थ्रो बॉल प्रतियोगिता में टीम कम आने के कारण मैच नहीं हो सके। नियमानुसार खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया गया। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब प्रदेश स्तर पर खेलने का मौका मिलेगा।
प्रतियोगिता के परिणाम
सर्कल कबड्डी लड़कियों की प्रतियोगिता में अंडर 19 आयु वर्ग में असंध की टीम ने प्रथम और करनाल की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 प्रतियोगिता में असंध ने प्रथम और करनाल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लड़कों की अंडर-19 सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में नीलोखेड़ी ने प्रथम और असंध की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।