- आज अंतिम सूची से पहले हो सकती है जारी, यदि विलंब हुआ तो गड़बड़ा जाएगा दाखिला शेड्यूल
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कॉलेजों में स्नातक की पहली अनंतिम वरीयता सूची ने भी विद्यार्थियों को पूरा दिन इंतजार कराया। वीरवार को रात नौ बजे तक सूची जारी नहीं हुई। ऐसे में पूरा दिन विद्यार्थी पोर्टल खंगालते रहे और सूची देखने के लिए कॉलेजों के चक्कर लगाते दिखाई दिए। हालांकि शाम पांच बजे के बाद पोर्टल पर देर शाम सूची जारी होने की सूचना विभाग ने डाल दी थी।
कॉलेजों की दाखिला कमेटियों को वीरवार देर रात या शुक्रवार को अल सुबह सूची जारी होने की उम्मीद है। यदि ऐसा होता है तो दाखिले का शेड्यूल भी गड़बड़ा सकता है। क्योंकि अधिसूचना के अनुसार, पांच जुलाई को अंतिम सूची जारी होनी है, इस सूची में जिसका नाम आएगा, वे फीस जमा कराकर दाखिला ले सकते हैं। लेकिन अभी तक अनंतिम सूची ही जारी नहीं हो पाई। तीन जून को पहले दिन भी पोर्टल नहीं खुला था, तब विद्यार्थी आवेदन फार्म भरने के लिए इंतजार करते दिखे थे।
स्नातक में दाखिले के पहले चरण में जिस विद्यार्थी का इस सूची में नाम आएगा, वे नौ जुलाई तक फीस जमा करा दाखिला ले सकते हैं। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की अधिसूचना के अनुसार, तीन चरणों की दाखिला प्रक्रिया में ओपन काउंसलिंग के समय पर रिक्त सीटों पर दाखिले देने के लिए पोर्टल दोबारा खोलने का प्रावधान है।
आवेदन की स्थिति के आंकड़ों पर नजर डालें तो हरियाणा में 139785 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। इसमें से 130128 विद्यार्थी अपना आवेदन फार्म भर पाए हैं और 129951 विद्यार्थियों के फार्म एवं दस्तावेज सत्यापित हुए हैं। करनाल जिले में सीटों की स्थिति देखें तो यहां जिले के सभी 19 कॉलेजों में स्नातक की 12405 सीटें हैं। यहां अब तक सीटों से करीब दो गुने तक आवेदन आ चुके हैं। चार से 30 जुलाई तक कुल तीन चरणों में कॉलेजों की दाखिला प्रक्रिया चलेगी।
यह है शेड्यूल
पहला चरण
- 05 जुलाई : पहली वरीयता सूची लगेगी (फाइनल)।
- 05 से 09 जुलाई तक : फीस जमा होगी।
किस कॉलेज में कितनी सीटें
कॉलेज
सीटें
राजकीय पीजी कॉलेज
1750
राजकीय कॉलेज मटक माजरी
675
राजकीय कॉलेज असंध
320
राजकीय कॉलेज घरौंडा
520
राजकीय कॉलेज निगदू
240
राजकीय कॉलेज तरावड़ी
300
राजकीय महिला कॉलेज रेलवे रोड 960
राजकीय कन्या कॉलेज बसताड़ा 260
राजकीय कन्या कॉलेज जुंडला
260
राजकीय कन्या कॉलेज बस्तली
240
राजकीय कन्या कॉलेज पाढ़ा
240
एडेड एवं सेल्फ फाइनेंस कॉलेज
कॉलेज
सीट
दयाल सिंह कॉलेज
1440
डीएवी कॉलेज
1255
गुरु नानक खालसा कॉलेज
740
केवीए डीएवी कॉलेज
1220
आर्य कन्या गुरुकुल मोरमाजरा
520
बुद्धा कॉलेज
390
जीवन चानन महिला कॉलेज
640
आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब वरीयता सूची वीरवार रात नौ बजे तक जारी नहीं हो पाई। इस सूची में जिस विद्यार्थी का नाम आए, वे फीस जमा कराते हुए दाखिला ले सकते हैं।
- डॉ. रामपाल सैनी, प्रिंसिपल, डीएवी पीजी कॉलेज