करनाल। बिना एक्टिवेट हुए क्रेडिट कार्ड से 2.85 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। कुटेल गांव निवासी ओमवीर सिंह ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 जनवरी को उसके पास उसका नया क्रेडिट कार्ड कूरियर के माध्यम से पहुंचा ही था कि उसी समय एक अनजान नंबर से फोन आया और आरोपी ने उससे कहा कि आपका कार्ड आपके पास पहुंच गया है और इस पर 2500 रुपये का शुल्क लग गया है। जो देना पड़ेगा। कुछ देर बाद उसके बिना एक्टिवेट हुए क्रेडिट कार्ड से चार बार ट्रांजेक्शन से दो लाख 85 हजार 264 रुपये निकल गए। पहली बार 99,445 रुपये, दूसरी बार 96,401 रुपये, तीसरी बार 44709 रुपये व चौथी बार 44709 रुपये निकल गए। पीड़ित ने बताया कि जब यह रुपये उसके क्रेडिट कार्ड से निकले तब उसका क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट भी नहीं हुआ था। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद