जिला कारागार का निरीक्षण करती हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण। सूच
करनाल। हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग प्रदेशभर में बच्चों से भीख मंगवाने और बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएगा। आयोग ने इसकी शुरुआत करनाल जिले से करने का निर्णय लिया है। जिले में बाल भिक्षावृत्ति के सात हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं।
शुक्रवार को आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण करनाल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि चिह्नित स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। विशेष अभियान चलाकर बच्चों से भीख मंगवाने की गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रयास होगा। तृप्ति श्योराण ने कहा कि बच्चों से भीख मंगवाने, बाल श्रम और शोषण रोकना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों को इन मामलों में संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बाहरी बच्चों को गृह राज्य भेजने के निर्देश
दूसरे राज्यों के बच्चों के मामलों में संबंधित राज्य की बाल कल्याण समिति से समन्वय किया जाएगा। उन्हें उनके गृह राज्य भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। चेयरपर्सन ने जिले के कई स्कूलों का दौरा भी किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लघु सचिवालय में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा भी की।