अंबाला। महिलाएं व युवतियां अपने घरों से निकल रही हैं तो अपने गले में डाली चेन, बालियां व पर्स आदि सामान का विशेष ध्यान रखें। इन दिनों गली-मोहल्लों आदि सार्वजनिक स्थानों पर झपटमार गिरोह सक्रिय हो गए हैं। त्योहारी सीजन के आते ही इस गिरोह के सदस्य खासतौर पर बाजार जाने व वहां से आने वाली महिलाओं और युवती को शिकार बना रहे हैं। इसका अंदाजा पिछले महज तीन दिन में हुई चार छीनाझपटी की वारदातों से लगाया जा सकता है।
वीरवार देर शाम को कैंट व सिटी में बाइक सवार बदमाशों ने पर्स और सोने की चेन छीनने की वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले बुधवार को भी महज आधे घंटे में कैंट नगर परिषद के पास दो स्नैचिंग की वारदातें हुई थी। पुलिस भी इन वारदातों को रोकने में नाकामयाब साबित हो रही है।
करवा चौथ, अहोई अष्टमी और दीपावली का पर्व आने वाला है। ऐसे में महिलाएं व युवतियां बाजार में खरीदारी करने के लिए जाती हैं। इसी का फायदा उठाते हुए स्नैचर उन्हें निशाना बनाने के बाद निकल जाते हैं। बाजार में महिला गिरोह सदस्य भी सक्रिय हैं। गत दिवस ही मुलाना के बाला सुंदरी मंदिर में एक महिला ने दर्शन करने के लिए लाइन में लगी भक्त के गले से चेन छीन ली थी। हालांकि, उसे मौके पर दबोच लिया था। बस स्टैंड पर कई बार महिला गिरोह की सदस्य चोरी व स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दे चुकी हैं।
केस-1
26 अक्तूबर की शाम छावनी के माया वाला चौक के निकट सहेली के साथ जेवर की सफाई करवाकर लौट रही महिला से बाइक सवार पर्स झपटकर फरार हो गए। इस बीच महिला गिरकर चोटिल भी हो गई। छावनी के डिसेंट कॉलोनी निवासी योगिता गुप्ता ने बताया कि पर्स में 30 हजार रुपये व सोने के जेवर थे। वह निकलसन रोड पर फतेहचंद ज्वेलर से बाहर निकली थी। सहेली गीता एक्टिवा चला रही थी। कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
केस-2 26 अक्तूबर शाम सात बजे सिटी के कालका चौक के पास बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। बलदेव नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-1 निवासी सुनीता ने बताया कि वह अपने बेटे को एक्टिवा पर बलदेव नगर चौक पर छोड़ने गई थी। वहां से लौटते समय वह कालका चौक शराब के ठेके के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था और बाइक चालक ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था।
केस-324 अक्तूबर को छावनी के सनातन धर्म सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास एक्टिवा सवार युवती के हाथ से बाइक सवार पर्स छीनकर ले गए थे। बीडी फ्लोर मिल निवासी मेघा ने बताया था कि वह साइंस कंपनी में काम करती है। काम से बाजार जा रही थी कि अचानक बदमाश पर्स छीनकर गायब हो गए। पर्स में मोबाइल व अन्य दस्तावेज थे।
केस-4
24 अक्तूबर को छावनी के नगर परिषद कार्यालय के पास ही एक्टिवा सवार से बदमाशों ने पर्स छीन लिया था। महिला प्रवीन अपनी बेटी के साथ बाजार से सामान लेकर अपने घर जा रही थी। पर्स में आठ हजार रुपये की नकदी, एटीएम व अन्य दस्तावेज थे।
केस-521 अक्तूबर को गुरुद्वारा मंजी साहिब के निकट जेठानी के साथ जा रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवक सोने की चेन झपटकर ले गए थे। शुक्रवार शाम करीब छह बजे बाइक पर हेलमेट पहनकर आए दो शातिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसमें सिटी के रेलवे रोड फाटक वाली गली निवासी गीता खुराना से चेन झपटी गई थी।
क्राइम पर लगाम लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। स्नैचिंग की बढ़ती वारदातों को रोकने के लिए डायल 112 व सीआईए आदि टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-आशीष चौधरी, डीएसपी अंबाला कैंट