करनाल। सेक्टर-13 बाइपास के पास पैदल जा रहे युवक का मोबाइल व पर्स छीनकर बाइक सवार बदमाश भागने लगे। पीड़ित ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह गिर गए। इसके बाद आरोपी युवक बाइक छोड़कर भाग गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बसंत विहार निवासी नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-13 बाइपास की ओर से पैदल जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आए और उसका मोबाइल व पर्स छीन लिया। पीड़ित नरेंद्र ने बाइक पर भागते हुए एक बदमाश की कमीज खींचने का प्रयास किया मगर वह नहीं रुके। कुछ दूर जाने के बाद बदमाशों की बाइक असंतुलित हो गई। जिसके कारण दोनों गिर गए। इसके बाद बदमाशों ने अपनी बाइक तो छोड़ दी, लेकिन पर्स और मोबाइल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की बाइक को कब्जे में लिया। पुलिस बाइक के जरिए बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। संवाद