- नागरिक अस्पताल की चर्म रोग की ओपीडी में पहुंचने वाले 200 में से 60 मरीज फंगल इंफेक्शन, दाद, खुजली के शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हल्की बारिश के बाद धूप निकलने से उमस हो रही है। जिससे चर्म रोग बढ़ रहा है। नागरिक अस्पताल की चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना 180 से 200 के बीच मरीज पहुंच रहे हैं। जिनमें से 60 मरीज दाद-खुजली व फंगस के पहुंच रहे हैं।
नागरिक अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ डाॅ. प्रदीप मान ने बताया कि गर्मी में पसीने के कारण त्वचा फंगल इंफेक्शन की चपेट में आ जाती है। ऐसे में दाद, खाज-खुजली, शरीर में दाने निकलने जैसी समस्या हो जाती है। ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। अभी और बारिश होगी। जिसके बाद धूप निकलने से उमस बढ़ेगी व चमड़ी के रोगी बढ़ेंगे। उनका कहना है कि उमस के कारण होने वाले चर्म रोगों से बचने के लिए लोगों को रोजाना नहाना चाहिए। शरीर को अच्छी तरह तौलिए से सुखाकर कपड़े पहनने चाहिए।
ऐसे करें बचाव
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. एसपी सिंगल ने बताया कि सूती व हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, अधिक पसीना आने पर कपड़े बदल लें, पाउडर का इस्तेमाल करें, प्रतिदिन तीन से चार लीटर पानी पीएं, सभी अंगों की अच्छे से सफाई करें, प्रतिदिन नहाएं। हो सके तो शाम को भी नहा लें, मौसमी फल और सब्जियों का अधिक सेवन करें, तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, नहाते समय शरीर को ज्यादा न रगड़ें व ज्यादा गर्म चीजों का सेवन न करें।