जिले के 17 परीक्षा केंद्रों में शनिवार को करीब छह हजार परीक्षार्थियों ने एचटेट (हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा ) की परीक्षा दी। जिले में इस परीक्षा के लिए चार ऑनलाइन व 13 ऑफ लाइन परीक्षा केंद्र बनाए गए। इन पर थोड़ी बहुत अव्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हुई।
जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा में नकल पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए। एचटेट की परीक्षा में पहली बार परीक्षार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा देने का ऑप्शन भी दिया गया। इसके चलते जिले में चार ऑनलाइन परीक्षा केंद्र भी बनाए गए।
इनमें 647 परीक्षार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा दी, वहीं अन्य 13 ऑफ लाइन परीक्षा केंद्रों पर 5263 ने पुराने पैट्रन के अनुसार परीक्षा दी। नकल पर रोक लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी के साथ जैमर भी लगाए गए। यही नहीं परीक्षा हॉल में जाने से पहले परीक्षार्थियों की दोहरी चेकिंग की गई। परीक्षा केंद्रों को बाहर से सुरक्षा मुहैया कराने के लिए हर केंद्र पर 11-11 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। उसके बाद भी परीक्षा शुरू होने से पहले व समापन के बाद एक साथ निकले सैकड़ों वाहनों से शहर में जाम की स्थिति बनी रही।
पहली बार जिले के चार केंद्रों पर हुई ऑनलाइन परीक्षा
प्रदेश में पहली बार एचटेट की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा का भी ऑप्शन दिया गया। जिले में ऑनलाइन परीक्षा के लिए चार केंद्र दून वैली इंस्टीट्यूट, आरआईपीटी बस्ताड़ा, जुंडला गेट स्कूल, सेक्टर-17 स्थित परीक्षा केंद्र पर ऑनलाइन परीक्षा हुई। इसमें 647 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
किसी के रोलनंबर पर फोटो नहीं तो किसी को नहीं मिला परीक्षा केंद्र
शिक्षा विभाग की तरफ से हुई गलतियों का खामियाजा भी परीक्षार्थियों का भुगतना पड़ा। किसी के रोलनंबर पर की फोटो गलत मिली तो किसी को सेंटर में रोलनंबर ही नहीं मिला। ऐसे में शिक्षा विभाग की अव्यवस्था से परीक्षार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
जिले में एचटेट की परीक्षा के लिए 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन 17 केंद्रों पर 5910 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। जिले के सभी परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हुई है।
आशा मुंजाल, जिला शिक्षा अधिकारी करनाल।