संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दुष्कर्म में फंसाकर जेल भिजवाने का डर दिखा युवक से 13.50 लाख रुपये की रकम ऐंठने वाले आरोपी माता-पिता और बेटी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जबकि कोर्ट में आरोपी पिता को पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया। वहीं, पुलिस ने आरोपी से छह लाख रुपये की रिकवरी की। यह रकम आरोपी ने अपने किसी रिश्तेदार के पास रखी थी।
सिविल लाइन थानाक्षेत्र के आर्य पुरम निवासी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए सात मार्च को आरोपियों ने करनाल शहर थाने में केस दर्ज कराया था। आरोपी बाद में पीड़ित युवक पर दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवाने का डर दिखा 30 लाख रुपये मांगने लगे। मगर पीड़ित पक्ष ने इतनी रकम देने से मना कर दिया। बाद में पीड़ित पक्ष और आरोपियों के बीच 18 लाख रुपये में सौदा तय हो गया। जेल जाने के डर से पीड़ित पक्ष ने तीन दिन के भीतर आरोपियों को 13.50 लाख रुपये दे दिए। लेकिन उसके बाद भी आरोपियों ने पीड़ित पक्ष से 4.50 लाख रुपये की रकम और मांगी। जिसके बाद पीड़ित युवक की पत्नी ने 10 मार्च को सेक्टर-4 पुलिस चौकी में शिकायत दी और मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पीड़ित पक्ष को चार लाख रुपये लेकर भेजा था। जैसे ही पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के हाथों में पैसे थमाए पुलिस ने दबोच लिया।
आरोपियों के पास से 4.72 लाख रुपये भी बरामद किए गए। रविवार को पुलिस ने आरोपी पिता को रिमांड पर लेकर छह लाख रुपये की और रिकवरी की। अब तक इस मामले में पुलिस ने 10.72 लाख रुपये की रिकवरी की है। सेक्टर-4 चौकी के एसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर छह लाख रुपये की रिकवरी की गई, जबकि इस मामले में पहले 4.72 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है।