करनाल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने बुधवार को निसिंग की दो अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई की। एक कॉलोनी में छह निर्माणाधीन मकान ध्वस्त कर दिए। मजिस्ट्रेट व पुलिस बल का भी सहयोग लिया गया।
पहली अवैध कॉलोनी गांव गोंदर नजदीक बस अड्डा के पास लगभग 5.5 एकड़ में काटी जा रही थी। इस कॉलोनी में छह डीपीसी और सभी कच्ची सड़कों को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार दूसरी अवैध कॉलोनी गोंदर रोड निसिंग के साथ काटी जा रही थी। इसका क्षेत्रफल लगभग 10 एकड़ था। इस कॉलोनी में छह निर्माणाधीन मकान, सभी डीपीसी, एक चहारदीवारी, पूरा सीवरेज नेटवर्क व सभी कच्ची सड़कों को ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार गुंजन वर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से लगातार अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध कॉलोनियों समेत अवैध निर्माण करने वालों की लगातार प्राथमिकी भी दर्ज करवाई जा रही है। समय-समय पर सभी को सूचित भी किया जा रहा है कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग डीलरों के जाल में न फंसें। शहर में बनीं वैध कॉलोनियों में ही प्लाॅट खरीद कर अपना घर बनाएं।