ब्लैक फंगस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा भी कम नहीं हो रहा है। रविवार को कोरोना संक्रमित 6 मरीजों की जान चली गई वहीं ब्लैक फंगस के भी 6 नए मामले आए। वहीं राहत की बात यह है कि दो महीने बाद कोरोना संक्रमण के सिर्फ 80 पॉजिटिव केस आए हैं। 253 कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर लौट गए। अब जिले का रिकवरी रेट 95.11 प्रतिशत और पॉजिटिविटी रेट घटकर 8.45 प्रतिशत तक पहुंच गया है। मृत्यु दर 1.29 प्रतिशत है। चिंता की बात यह है कि 12 दिन में ब्लैक फंगस के 57 केस आ चुके हैं और इनमें से 11 की मौत हो गई है। अभी तक जिले में कोरोना के 361670 सैंपल लिए गए इनमें से 323354 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव और 39085 पॉजिटिव आ चुके हैं। इनमें से 37177 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 1402 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 506 पहुंच गई है।
निसिंग गौशाला और सुभरी में मिले अधिक केस
रविवार को 1305 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इनमें सबसे अधिक मामले ग्रामीण क्षेत्र से मिले हैं। जिनमें निसिंग गौशाला में 6 और गांव सुबरी में 5 मामले आए हैं। साथ ही नीलोखेड़ी में भी 4 मामले आए हैं। इससे अलग कई गांवों में 2 से तीन मामले आए हैं। शहर की कॉलोनी व सेक्टर में भी पॉजिटिव केस मिले हैं।
169 केस दर्ज, 200 गिरफ्तार
लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आ रही है। अभी तक जिला पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने के 169 मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में 200 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं बिना मास्क लगाए सड़कों पर घूमने वालों के भी चालान किए जा रहे हैं। जिनकी संख्या रविवार को 132 थी।
नॉन आईसीयू के 275, आईसीयू के 114 बेड खाली
डीसी निशांत कुमार ने बताया कि कोरोना के उपचार के लिए जिले में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त 24 प्राइवेट अस्पतालों व सीएचसी को अधिकृत किया है। जिले में 479 ऑक्सीजन सहित नॉन एसी बेड और 197 भरे हैं तथा 275 बेड खाली हैं जबकि ऑक्सीजन सहित आईसीयू बेड 267 हैं, जिनमें से 153 भरे हैं तथा 114 खाली हैं।
ब्लैक फंगस के टीके की भेजी है डिमांड
ब्लैक फंगस के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में अलग से 20 बेड का वार्ड बनाया है। किसी को पैनिक होने की जरूरत नहीं, लक्षण होने पर केसीजीएमसी में डाक्टरों से परामर्श लें, सभी आंखों की बीमारी फंगस नहीं होती, घबराएं नहीं बल्कि उपचार करवाएं। जिले में ब्लैक फंगस के लिए उनके द्वारा टीकों की डिमांड की गई है। जल्द जिले में ब्लैक फंगस के टीके मिलने शुरू हो जाएंगे।
-निशांत कुमार, डीसी करनाल
ऑड-ईवन के तहत सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक खुलेंगी दुकानें
करनाल। महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा नियम 7 जून तक लागू कर दिया है। इस आदेश के तहत तिथि अनुसार ऑड-ईवन फार्मूले के तहत सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक दुकानें खोलने की छूट दी गई है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चेयरमैन एवं डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि दूध, फल-सब्जी, किरयाने की दुकानों सहित मेडिकल स्टोर पूर्व निर्धारित नियमों के तहत ही खुलेंगे जबकि नए नियमों के तहत अब ऑड-ईवन तिथि अनुसार ही ऑड-इवन नंबर की दुकानें सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुल सकती हैं।