संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर की बिजली व्यवस्था को बेहतर करने के लिए बिजली निगम की ओर से बनने वाले 33 केवी के छह नए सब स्टेशनों का वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। इन पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन सब स्टेशनों ने बनने से पुराने सब स्टेशनों का लोड विभाजित हो जाएगा। इस सुविधा के मिलने से लोगों को निर्बाध बिजली मिलेगी। वहीं बिजली लाइनों पर अतिरिक्त लोड भी कम होगा।
बिजली निगम की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में इन नए सब स्टेशनों के बनने से कलसौरा, बस्तली, रायसन, मोर माजरा, नरूखेड़ी, अलीपुर वीरान व बालू समेत करीब 18 गांवों में बिजली की आपूर्ति बेहतर होगी और करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिल सकेगा। वर्ष 2026 में धान की सीजन से पहले इन्हें सुचारू कर दिया जाएगा। गर्मी के मौसम में धान रोपाई के समय बिजली लाइनों में फाल्ट अक्सर हो जाती थी। इसी समस्या से निजात पाने के लिए बिजली निगम की ओर से इन सब स्टेशनों का निर्माण कराया जाना है।
निगम की ओर से दिल्ली की पावर गो कंपनी को इन नए सब स्टेशनों को बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। निगम का दावा है कि इस साल के अंत तक इन सब स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। नए साल की शुरुआत में ही नए सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति होगी।
जिला में एकीकृत बिजली विकास योजना (आईपीडीएस) के तहत अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित 33 केवीए के छह नए पावर सब स्टेशन लगेंगे। इस स्कीम में भारत सरकार का 60 प्रतिशत प्रत्यक्ष अनुदान रहेगा, जबकि 30 प्रतिशत वित्तीय भार राज्य सरकार उठाएगी और शेष 10 प्रतिशत उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम खर्च करेगा। -नसीब सिंह, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम