संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सदर थाना में एक विवाहिता ने अपने पति पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है कि साहब उसका पति उसे व उसके बच्चों के साथ मारपीट करता है। खर्चे के रुपये भी नहीं देता, जब वह रुपये मांगती है तो वह कहता है मैं आत्महत्या कर लूंगा।
बेवजह उसका पति किसी भी समय उसे व उसके बच्चों को पीटने लगता है। घर से बाहर निकाल देता है। इतना ही नहीं उसका जीजा भी उसके पति को उसके खिलाफ भड़काता है व गलत आरोप लगाता है। उसने लोगों से ब्याज पर रुपये लेकर मकान बनाया था। अब वह बहुत परेशान है। कई बार वह डायल 112 पर शिकायत कर चुकी है।
पुलिस वाले उसके पति को समझा कर चले जाते हैं तो वह कुछ दिन ही ठीक रहता है। इसके बाद दोबारा उनके साथ मारपीट करने लगता है। उसके पति ने 14 मई को भी उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया। पुलिस ने आरोपी पति व महिला के जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।