नीलोखेड़ी/करनाल। साढ़े पांच माह में प्री एसआईआर के तहत चल रहे मतदाता सूची की मैपिंग के कार्य में नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र का 80.70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। एक माह में शेष कार्य को भी पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्वाचन पंजीयन अधिकारी व एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायत अनुसार 19-नीलोखेड़ी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में अक्टूबर-2025 से लगातार बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदान क्षेत्र के मतदाताओं (जिनका नाम वर्तमान सूची में दर्ज है) की मैपिंग का कार्य बीएलओ एप के माध्यम से किया जा रहा है।
इसके तहत वर्ष-2002 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं को आधार मानकर उनकी मैपिंग की जा रही है, साथ ही उनके वंशजों को जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है जिसके लिए संबंधित क्षेत्रों के लोग जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, उनकी मैपिंग व वंशजों की मैपिंग करने के लिए बीएलओ के साथ-साथ पटवारी, ग्राम सचिव, पार्षद, आंगनवाड़ी वर्कर तथा गणमान्य व्यक्तियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों के 6 सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी के साथ-साथ सभी 29 सुपरवाइजर व 230 बीएलओ को निरंतर लोगों को प्रोत्साहित व जागरूक करने बारे बैठक कर निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं।