संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। छठ पूजा के लिए बाजार में तैयारियां जोरों पर हैं। दुकानों पर पूजा का सामान सज चुका है और खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखी जा रही है। 25 से 28 अक्तूबर तक चलने वाली इस पूजा के लिए लोग बांस की दउरा, सूप, ठेकुआ, फल, नारियल और अन्य सामग्री खरीदने में जुट गए हैं।
कर्ण बाजार के दुकानदारों का कहना है कि घाट और पूजा स्थल सजाने के लिए उपयोगी सामान, पूजा में फल और अन्य सामग्री रखने के लिए, व्रत में भोजन और प्रसाद वितरण के लिए जरूरी सामान, आवश्यक फल, नारियल और पूजा में अर्पित करने और व्रत के सामान की खरीदारी के लिए लोग आ रहे हैं। इनमें सूप, छीटा, तरड़ा, गंजा और सिरके वाला नारियल, नाशपाती, चकोतरा यानी दाग नींबू, साठी के चावल, किराओ, आल्ता, चंदन की लकड़ी, बधी, बाखरा सिंदूर, आरता, लाल सिंदूर, छुआरे, मखाने, मूंगफली, किशमिश, पंचमेवा, लोंग, इलायची, सुपारी, सौंफ, कपूर और मोली की खरीदारी के लिए आ रहे हैं। ये सभी सामान पूजा के लिए जरूरी होता है।
दुकानदारों का कहना है कि हर सामान का अलग महत्व है इसलिए इसे एक ही टोकरी में छोटे-छोटे पैकेट में अलग-अलग भाव में बेच रहे हैं। कोई वस्तु 10 रुपये की है तो कोई 50 से 60 रुपये की है। दुकानदारों ने बताया कि बताया कि ज्यादातर सामग्री मुख्य रूप से बिहार से आई है।
ताजे फल उपलब्ध
दुकानदार अभिषेक का कहना है कि उनके स्टॉल पर केले, संतरा, सेब और आम जैसे ताजे फल उपलब्ध हैं। ये फल सूर्य देव को अर्पित करने के लिए अनिवार्य हैं। इसके साथ ही ठेकुआ और गुझिया जैसी पारंपरिक मिठाइयां भी खूब बिक रही हैं। अभिषेक बताते हैं कि लोग बच्चों के लिए भी ठेकुआ जरूर खरीदते हैं और मिठाई की खरीदारी में खासा उत्साह है।
घर और घाटों के लिए खरीद रहे सामग्री
कर्ण बाजार में बांस और अन्य पूजा सामग्री बेचने वाले सचिन ने बताया कि उनके पास बांस की दउरा, सूप और खरुआ जैसी पारंपरिक सामग्री उपलब्ध है। दउरा और सूप का उपयोग पूजा स्थल को सजाने और सूर्य देव को अर्पित करने के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया कि लोग घरों और घाटों के लिए इन्हें खरीद रहे हैं।
गांवों से भी आ रहे खरीदार
बंटी ने बताया कि उनके स्टॉल पर नारियल, गुड़, गेहूं और कद्दू जैसी पूजा सामग्री खरीदने के लिए लोग दूर के गांवों से आ रहे हैं। दो तरह के नारियल हैं गंजा और सिरके वाला और लोग दोनों तरह के ही नारियल खरीद रहे हैं। इसे सूर्य देव को अर्पित करने का विशेष महत्व है, जबकि गुड़ और गेहूं से व्रती प्रसाद तैयार करते हैं। कद्दू भी पूजा में अर्पित किया जाता है और इसका व्रत के भोजन में उपयोग होता है।
छठ पर्व की सामग्री के रेट
सामान कीमत
सूप 90 रुपये से शुरू
छीटा 150-300 रुपये से शुरू
तरड़ा 150 रुपये से शुरू
नारियल 50 रुपये से शुरू
चकोतरा 50-80 रुपये से शुरू
साठी चावल 10 रुपये से शुरू
किराओ 10 रुपये से शुरू
हुमाद 10 रुपये से शुरू
पीतल सूप 400 रुपये से शुरू