लाडवा के एक पैलेस में आयोजित जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग करने वाले ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को लाडवा के एक निजी पैलेस में गजलाना निवासी गुरबचन सिंह के पोते के जन्मदिन की पार्टी थी। पार्टी में पटियाला की एक आर्केस्ट्रा पार्टी के कलाकार डांस कर रहे थे।
इस दौरान आयोजकों की तरफ से गाने की फरमाइश पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। आर्केस्ट्रा पार्टी के ड्राइवर ने फायरिंग कर दी, जिससे गजलाना निवासी नवज्योत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस विभाग के जांच अधिकारी एएसआई विजय कुमार की अगुवाई में ड्राइवर के थाना रतिया के गांव लांबा स्थित निवास पर छापामारी की गई। जिस पर गांव के सरपंच धर्माराम और पंच राजविंद्र सिंह ने आरोपी ड्राइवर बलविंद्र सिंह उर्फ लाडी को लाडवा थाना में पेश कर दिया।
रिमांड के दौरान आरोपी से घटना में इस्तेमाल पिस्तौल व बोलेरो गाड़ी की बरामदगी के बारे में पूछताछ की जाएगी।