हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्रीदेवीकूप भद्रकाली मंदिर में कूप को नया स्वरूप दे दिया गया है। पहले नवरात्र पर यहां अश्व स्थापना पूजन एवं गुरुमाता शरबती देवी की प्रतिमा का लोकार्पण के साथ ही इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही नवरात्र महोत्सव के पावन अवसर पर झांसा रोड पर बनाए गए भव्य महाशक्ति द्वार का उद्घाटन आशा हुड्डा करेंगी। इस अवसर पर यमुनानगर के डीसी मंदीप सिंह बराड़ बतौर मुख्य अतिथि होंगे।
पीठा अध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा के अनुसार शक्तिद्वार के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी आशा हुड्डा शक्तिपीठ से नवरात्र के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस शोभायात्रा में बैंड बाजों सहित देवी-देवताओं की करीब 51 झांकियां और 1100 महिलाएं सिर पर कलश धारण नगर का भ्रमण करेंगी। नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा।
इसके उपरांत कूप के नए स्वरूप का उद्घाटन एवं अश्व स्थापना पूजन एवं गुरुमाता शरबती देवी की प्रतिमा का लोकार्पण होगा। शाम को छह बजे वित्तमंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा ज्योति स्थापना करेंगे और महाआरती में भाग लेंगे।
पीठा अध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने बताया कि छह से 11 अक्तूबर तक प्रतिदिन शक्तिपीठ में भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
अलग-अलग जागरण पार्टियां एवं भजन मंडलियां महामाई का गुणगान करेंगी। वहीं दुर्गाष्टमी के अवसर पर विशाल भगवती जागरण होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक सरदूल सिकंदर, पीयूषा-कैलाश अनुज, लवली शर्मा तथा अन्य कलाकार अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में चूर करेंगे। नवरात्र महोत्सव के अवसर पर मां भगवती का दरबार देसी-विदेशी फूलों से सजाया जा रहा है।
शोभायात्रा का रूट प्लान एवं ठहराव
मां भगवती की विशाल शोभायात्रा शक्तिपीठ से जनता स्कूल, छोटा बाजार, अंबेडकर चौक, एलआईसी रोड़, श्रद्धानंद चौक, गोल बैंक, न्यू कॉलोनी एवं वापसी में गीता स्कूल, अंबेडकर चौक, कच्चा घेर, गोशाला बाजार से होकर शाम छह बजे शक्तिपीठ पहुंचेगी। वहीं शोभायात्रा का ठहराव एवं प्रसाद वितरण रोटरी चौक के निकट, मोती चौक, एलआईसी रोड, गोलबैंक, न्यू कॉलोनी, वापसी में गोल बैंक इत्यादी जगहों पर होगा।
शक्तिपीठों की प्रतीक 52 ज्योति
दुर्गाष्टमी पर मां भगवती की ज्योति स्थापना के साथ 52 शक्तिपीठों की प्रतीक मां स्वरूप 52 पवित्र ज्योति विशाल भगवती जागरण में प्रज्वलित की जाएंगी।