माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसी के तहत नगर निगम की ओर से अलग-अलग पृष्ठभूमि से जुड़े सात लोगों को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। जो स्वच्छता की अलख सभी 20 वार्डों में जगाएंगे। इसके अलावा स्वच्छता को लेकर व्यवहार में बदलाव पर फोकस रहेगा और कई तरह की गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
निगम की ओर से जारी सूची के अनुसार संत कबीर स्कूल के निदेशक एवं सामाजिक कार्यकर्ता कर्नल पीएस बिन्द्रा, राष्ट्रीय तिरंदाज खिलाड़ी रिद्धि फोर, शूटिंग के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी अनीश, सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण अरोड़ा, डीएवी पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरपी सैनी, उजाला सिग्नेस अस्पताल के निदेशक डॉ. आबिद आमिन बट्ट और विर्क अस्पताल से डॉ. बीएस विर्क को ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। यह सभी स्थानीय अलग-अलग पृष्ठभूमि से हैं और स्वच्छता से जुड़ी विभिन्न तरह की आईईसी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं।
ब्रांड एंबेसडर मुख्यत: शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों के साथ मासिक बैठक कर एक्शन प्लान तैयार करेंगे। विभिन्न वार्डों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन व नागरिकों के साथ बैठक करेंगे, जिनमें उनके स्वच्छता को लेकर व्यवहार में बदलाव पर फोकस रहेगा। इसके अतिरिक्त घर से ही कूड़े को अलग-अलग एकत्र करना, घरेलू खाद तैयार करना, गूगल टॉयलेट लोकेटर, स्वच्छता एप, सामुदायिक व जन शौचालयों की फीडबैक तथा थ्री आर (रिड्यूज, रियूज व रिसाईकल) के सिद्धांतों को बढ़ावा देकर उदहारण पेश करेंगे।
सात प्रबुद्ध लोगों को स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। जन भागीदारी का एक पहलू यह है कि नागरिक अपने शहर से जुड़ें अर्थात कोई भी ऐसा कार्य न करें, जिससे शहर की स्वच्छता बाधित हो, बल्कि हर गृहिणी घर से ही गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग करके दें, कचरे को सड़क पर न फेंका जाए। - धीरज कुमार, अतिरिक्त निगम आयुक्त