माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। गेहूं खरीद को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी तेज हो गई हैं। पहली अप्रैल से गेहूं की मंडियों में खरीद शुरू होगी। करनाल जिले में गेहूं के लिए 23 खरीद केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सरसों के लिए तीन केंद्र बने हैं लेकिन इनमें से महज घरौंडा और इंद्री में ही सरसों लेकर किसान पहुंच रहे हैं। उपायुक्त उत्तम सिंह ने अधिकारियों को दो दिनों में मंडियों में जरूरी इंतजाम पूरे करने के हिदायत दी है।
मंडी में इस बार भी किसान अपने शेड्यूल के अनुसार ही गेहूं लेकर पहुंचेंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ही गेटपास काटे जाएंगे। मंडी में आवक और उठान व गेट पास संबंधी पूरे रिकार्ड पर उपायुक्त स्वयं नजर रखेंगे। उपायुक्त उत्तम सिंह ने रबी सीजन के दौरान फसल खरीद प्रबंधो को लेकर जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडियों में फसल बेचने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
फसलों को सरकार की हिदायतानुसार खरीद करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों से फसल उठान के कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा आढ़तियों के मुद्दों का भी समय-समय पर समाधान करना सुनिश्चित करें। शुक्रवार को अपने कार्यालय में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग हरियाणा की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा की वीसी के उपरांत जिला के सभी एसडीएम व खरीद एजेंसियों और मार्केट कमेटी के अधिकारियों की बैठक ली तथा उनको आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने खरीद एजेंसियों से कहा कि वे मंडियों व खरीद केंद्रों पर यह सुनिश्चित करें कि समय पर किसानों की फसल खरीदी जाए और उसका उठान भी जल्द किया जाए। उन्होंने कहा कि मंडी में आने वाले किसानों के गेट पास काटने में किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।
मंडियों का आज निरीक्षण करेंगे एसडीएम
डीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों का समय-समय पर निरीक्षण करते रहें ताकि गेहूं खरीद का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके। खरीद के दौरान जिला की मंडियों में किसानों के समक्ष बिजली-पानी, शौचालय व टोकन आदि सहित अन्य किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। निर्धारित शेड्यूल के अनुरूप ही किसान मंडियों में अपनी फसल लेकर आएंगे। फसल खरीद के बाद मंडी से फसल का उठान भी साथ-साथ होना जरूरी है। खरीद के दौरान पर्याप्त संख्या में बारदाना भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल के उठान के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रांसपोर्टेशन भी होना चाहिए।