- गांव उपलाना के पास अशोक कुमार ने किराए पर लिया था पॉल्ट्री फार्म
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। उपलाना जबाला गांव के पास पॉल्ट्री फार्म में चूजों की देखभाल के लिए लगाए गए नौकर सुखमनदीप ने भाई के साथ मिलकर 33 लाख रुपये के चूजे बेच दिए। जब मालिक अशोक ने रुपये मांगे तो पेमेंट न आने का बहाना बनाया और बाद में जान से मारने की धमकी देने लगा। रुपये न मिलने पर मालिक ने असंध थाना पुलिस को शिकायत दी है। असंध थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सफीदों निवासी अशोक कुमार ने असंध थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी कविता देवी एमके पॉल्ट्री ब्रीडिंग फार्म की प्रोपराइटर है। उनकी फर्म ने गांव उपलाना, जभाला के नजदीक एक पॉल्ट्री फार्म कंवलजीत से 55 हजार रुपये महीना किराए पर लिया था। उन्होंने कंवलजीत के रिश्तेदार आरोपी सुखमनदीप सिंह उर्फ गोल्डी विर्क वासी गांव उपलाना को फार्म व मुर्गों की देखभाल के लिए काम पर रखा था। आरोपी ने शुरू में ठीक काम किया। उसका काम तैयार माल बिकवाने का था। आरोपी अपनी सैलरी भी मुर्गे की पेमेंट से रख लेता था।
29 मई 2024 को उन्होंने फार्म में 16,300 मुर्गे के पॉल्ट्री डाले थे। इनके तैयार करने की जिम्मेदारी सुखमनदीप की थी। आरोपी ने अपने भाई हर्षबीर के साथ मिलकर चोरी से बेच दिया। उनके पूछने पर आरोपी ने बताया कि 16,300 में से 1,843 चूजे मर गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जीवित बचे 14,457 चूजों की कीमत करीब 33 लाख रुपये थी। आरोपी ने कहा कि उनकी पेमेंट नहीं आई। आने के बाद वह दे देंगे। इसके बाद आरोपी के पास पंचायत लेकर गए तो पैसे देने से मना कर दिया। आरोपी ने दोबारा घर पर आने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका काफी सामान भी फार्म में है। जोकि आरोपी देने से मना कर रहे हैं।