संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। एक युवक ने फर्जी आईडी बनाकर एक शिक्षिका एवं पंचायत सदस्य की इंस्टाग्राम आईडी पर अभद्र मैसेज भेज दिए। शिक्षिका के पति ने आरोपी को समझाया तो आरोपी ने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पीड़ित शिक्षिका के पति के साथ ही मारपीट कर दी।
एक गांव निवासी एक निजी स्कूल की शिक्षिका ने इंद्री थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मौजूदा पंचायत में सदस्य है। वह गांव से हर रोज स्कूल बस में आती-जाती है। जब भी वह स्कूल में जाती है और लौटकर आती है तो अक्सर सौरभ उसे घूरता था और गलत इशारे करता था। उसने कई बार उसका पीछा भी किया। बाद में इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर अभद्र मैसेज भेजे। उसके परिवार व उसके पति के खिलाफ गलत भाषा का प्रयोग किया। वहीं इंस्टाग्राम पर फोन करके उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां देता था। उसने ये सारी बातें पति को बताईं तो पति ने इस बारे में छानबीन कर आरोपी सौरभ को समझाया।
इसके बाद आरोपी सौरभ के साथ गौरव, मोहित, मुकुल व धर्मपाल उसके घर आए और माफी मांग कर गए थे, लेकिन इसके बाद आरोपी रंजिश रखते हुए 10 फरवरी को पति की दुकान में घुस गए और मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।