घरौंडा।महाग्राम योजना के तहत ग्रामीण अंचल में चल रहे विकास कार्यों की धीमी गति पर जिला अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए और सभी काम समयावधि में कार्य होना चाहिए। गांव में देरी से चल रहे विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायत की थी।
इसके बाद जिला अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट गांव कोहंड पहुंचे और सभी कार्यों की समीक्षा की। एडीसी ने गांव में महाग्राम योजना के तहत बनाए जा रहे एसटीपी, पंचायत घर और स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान एसटीपी के निर्माण कार्य में हो रही देरी और अनियमितताओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य को तय समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए।
ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच प्रतिनिधि बाबूराम ने एडीसी के समक्ष गांव की समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की और सीवरेज व्यवस्था में हो रही खामियों की भी शिकायत दर्ज कराई। बाबूराम का कहना था कि महाग्राम योजना के अंतर्गत चल रहे ये विकास कार्य पिछले सात वर्षों से अधर में लटके हुए हैं, जिसके कारण गांव में अन्य विकास योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने अधिकारियों पर कार्य में लापरवाही और लीपापोती करने के आरोप भी लगाए। जिला अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने कहा कि महाग्राम योजना के तहत गांव का दौरा कर कार्यों की वास्तविक स्थिति देखी गई है। निरीक्षण के दौरान एसटीपी, सीवरेज व्यवस्था, पंचायत घर व स्टेडियम में कुछ कमियां पाई गई हैं। इन खामियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि जल्द से जल्द कार्य पूरा किया जा सके और ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।