मधुबन। बसताड़ा टोल प्लाजा पर शनिवार को सुरक्षा कर्मियों ने वेतन न मिलने पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और शोषण का आरोप लगाया। लगभग 25 सुरक्षा कर्मियों को दो महीने से वेतन नहीं मिलने से हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से सोमवार तक वेतन का भुगतान करने के आश्वासन के बाद कर्मचारी शांत हुए।
शनिवार को सुबह वेतन न मिलने के विरोध में सुरक्षा कर्मी टोल प्लाजा पर एकत्रित हुए और टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कर्मचारियों ने बताया कि बीते दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण वे आर्थिक संकट में हैं। बार-बार कंपनी से संपर्क करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। इधर, विरोध के दौरान टोल प्लाजा के प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी मौके से नदारद हो गए, जिससे कर्मियों का गुस्सा और बढ़ गया। पुलिस ने उनकी फोन पर बात कराने के बद शांत कराया।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बीआरजी कंपनी के निदेशकों ने आश्वासन दिया कि आगामी सोमवार तक सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी कर दिया जाएगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय पर वेतन जारी नहीं हुआ तो वे टोल प्लाजा पर बड़ा आंदोलन करेंगे।
तय वेतन से कम राशि का होता है भुगतान
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि न सिर्फ वेतन समय पर दिया जा रहा न ही तय वेतन की पूरी राशि का भुगतान होता। कई बार अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दे चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। करीब एक वर्ष से उनके वेतन से मनमाने तरीके से कटौती की जा रही है।