नगर निगम ने बनाई विशेष योजना
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए एचएसवीपी की ओर से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-4, 5, 16 और हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-4 पार्ट-2 की सफाई के लिए विशेष परियोजना तैयार की गई है। जिस पर करीब ढाई करोड़ रुपये का सालाना बजट निर्धारित है। दूसरी ओर सेक्टर-4 ट्रांसपोर्ट नगर, ओल्ड तहसील और महिला आश्रम एरिया में सफाई पर करीब 1.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस परियोजना के अंतर्गत इन सेक्टरों में सीवरेज सिस्टम की गहराई से सफाई, गलियों और सड़कों की साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन तथा अन्य सफाई संबंधित कार्य किए जाएंगे। इससे सेक्टरों के लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल दिया जा सकेगा। इस परियोजना से इन क्षेत्रों के हजारों निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होगा, बल्कि शहर की सुंदरता और जीवन स्तर को भी ऊपर उठाएगा।
इस परियोजना में सीवरेज सिस्टम की मशीनों से सफाई कराई जाएगी। जाम और दुर्गंध की समस्या को खत्म करने के लिए सीवरेज लाइनों की नियमित और व्यापक सफाई होगी। सेक्टरों की गलियों में नियमित झाड़ू लगाया जाएगा, ताकि धूल और गंदगी से मुक्ति मिल सके। गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था और अधिक आधुनिक की जाएगी। बारिश के मौसम से पहले जलभराव की समस्या से बचाव के लिए सभी नालियों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सफाई कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। परियोजना की समाप्ति अवधि लगभग एक साल निर्धारित की गई है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। नगरवासियों से भी अपील की गई है कि वे सफाई बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और कूड़ा उचित स्थानों पर ही डालें।