माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। एसडीएम साहब, सीवरेज की सफाई नहीं होती… गंदगी से बदबू फैल रही है और कैथल रोड पुल से काछवा पुल तक स्ट्रीट लाइटें भी बंद रहती हैं। सोमवार सुबह लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर शुरू हुआ तो सोमपाल ने अधिकारियों के समक्ष शिकायत रखी।
शिविर की अध्यक्षता एसडीएम प्रदीप कुमार ने की। सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर में फरियादियों की आवाज सीधे प्रशासन तक पहुंची। सभागार में कुर्सियों पर बैठे लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे और अधिकारी एक-एक कर शिकायतें सुनते गए। शिविर में कुल 13 शिकायतें आईं। मुख्यालय पर 8, नीलोखेड़ी उपमंडल में 3 जबकि घरौंडा और असंध से 1-1 शिकायत दर्ज हुईं।
सीवरेज लाइन की सफाई और पुल के बीच बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या ने सबसे अधिक ध्यान खींचा। एसडीएम ने मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर का उद्देश्य कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है।
ये शिकायतें आईं सामने
•
सरिता की लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन।
•
निशा की लाडो लक्ष्मी योजना से जुड़ी समस्या और पेंशन राशि का बैंक खाते से भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग।
•
अशोक वर्मा की इंतकाल दर्ज किए जाने का मामला लंबित होने की शिकायत।
•
कोमल की पुलिस विभाग से संबंधित शिकायत।
•
नैना की परिवार पहचानपत्र में आय सत्यापन (इनकम वेरीफाई) की समस्या।
•
कविता की परिवार पहचानपत्र में आय सत्यापन से जुड़ी दिक्कत।
•
रोशन लाल ने परिवार पहचानपत्र में कम आय दर्ज कराने और बीपीएल कार्ड बनवाने की मांग की।
•
ऋषि कुमार की परिवार पहचानपत्र में आय सत्यापन करवाने संबंधी शिकायत।