संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। नगरपालिका में वीरवार को एसडीएम अशोक कुमार ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्य को लेकर अहम बैठक ली। बैठक में एसडीएम ने निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र के सभी मास्टर ट्रेनर, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ, नपा सचिव अजीत कुमार, नपा चेयरमैन वीरेंद्र बंसल, पार्षद हरीश मदान, नरेश गाबा, गौरव कुमार, पार्षद देसराज आदि मौजूद रहे। एसडीएम अशोक कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि घर-घर जाकर भरे जा रहे मतदाता गणना पत्रक पूरी तरह सटीक हों। उन्होंने कहा कि किसी भी तकनीकी या जानकारी संबंधी त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बीएलओ यह सुनिश्चित करें कि ऑफलाइन भरी गई जानकारी और ऑनलाइन फीड किया गया डेटा मैच करे।
घर-घर मतदाता सत्यापन पर्चियां बांटें
एसडीएम ने निर्देश दिए कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन पर्ची वितरित करें। इन पर्चियों के माध्यम से मृत मतदाताओं, बाहर रहने वाले व्यक्तियों या किसी और स्थान पर स्थानांतरित मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे। बैठक में एसडीएम ने जानकारी दी कि क्षेत्र की मैपिंग प्रक्रिया जारी है। इसके लिए आवश्यक डेटा जुटाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका तरावड़ी के वार्ड नंबर 8 में होने वाले उप-चुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची को अंतिम रूप देने का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है।