- उपमंडल अधिकारी बोले- अध्यापक न तो बच्चों को सही ढंग से पढ़ाते हैं और न समय पर आते हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री। उपमंडल अधिकारी अशोक मुंजाल ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में स्थित प्राइमरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की सभी कक्षाओं का भ्रमण किया, इसमें काफी खामियां पाई गईं। एसडीएम ने बच्चों से सवाल भी किए। जांच में पाया कि अध्यापक न तो बच्चों को सही ढंग से पढ़ाते हैं और न समय पर आते हैं।
एसडीएम मुंजाल ने कहा कि स्कूल में बारिश के समय पानी भरने की समस्या काफी समय से थी जिसके निदान के लिए वह नगर पालिका अधिकारियों के साथ प्राइमरी स्कूल पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्कूल में काफी कमियां पाई गई हैं, बच्चों को सही ढंग से पढ़ाया नहीं जा रहा है। अध्यापकों को स्कूल से संबंधित बातों की पूरी जानकारी नहीं है। अध्यापकों को इतना भी मालूम नहीं है कि प्रातः स्कूल लगने, अर्ध अवकाश और पूर्ण अवकाश का समय क्या है। उन्होंने बताया कि स्कूल में रिकॉर्ड का रखरखाव भी सही ढंग नहीं मिला। अध्यापकों ने अपने ही कानून बना रखे हैं, इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों को की जाएगी। इस मौके पर नगरपालिका चेयरमैन राकेश कुमार, नगरपालिका सचिव धर्मवीर सिंह, लेखाकार हाकम सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।