स्कूल राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का
शेड्यूल जारी, 30 खेलों के होंगे मुकाबले
- 58वीं स्टेट चैंपियनशिप में 8 सितंबर से 10 अक्तूबर तक 22 जिलों में आयोजित होंगी स्पर्धाएं
- तीन आयु वर्ग में निजी और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी करेंगे प्रतिभाग
प्रदेश के लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल।
हरियाणा प्रदेश स्तरीय स्कूली गेम का संशोधित खेल कैलेंडर जारी कर दिया गया है। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 8 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्तूबर तक प्रदेश के 22 जिलों में आयोजित की जाएंगी। इस खेल कैलेंडर से संबंधित सारी जानकारी वेबसाइट www.Indianchess.org पर भी उपलब्ध है।
पेरिस इंटरनेशनल ओलंपिक से शतरंज एशिया महाद्वीप के महासचिव ब्रह्मचारी कुलदीप शतरंज ने बताया कि प्रदेश के 22 जिलों में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के लिए सभी 22 शिक्षा अधिकारियों को हरियाणा सरकार की ओर से निर्देश जारी किए गए है कि 25 अगस्त तक सारे खेलों की 22 जिलों में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराना सुनिश्चित करें। 30 खेलो की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 22 जिलों में जिला शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में आयोजित की जाएंगी। 30 खेलों की लड़कों व लड़कियों की राज्य स्तरीय स्कूली अंडर-11 प्राइमरी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन रोहतक में किया जाएगा।
राज्य स्तरीय स्कूली गेम की प्रतियोगिताएं 8 से 10 अक्तूबर तक प्रदेश के 22 जिलों में आयु वर्ग अंडर-11, 14, 17 व 19 (लड़के व लड़कियां) में आयोजित की जाएगी। इसके बाद स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआइ) की ओर से स्कूल नेशनल गेम का आयोजन कराने की भी तैयारी चल रही है।
राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में इन खेलों के होंगे मुकाबले
हरियाणा राज्य स्तरीय स्कूली स्टेट गेम खेल प्रतियोगिताओं के लिए 30 खेलों का चयन किया गया है। ये प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्ग अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग में आयोजित की जाएंगी। इस कैलेंडर में शतरंज, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बाक्सिंग, साइकिलिंग, फेंसिंग, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, स्विमिंग एंड डाइविंग, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग (फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन), बेसबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, कराटे, खो-खो, नेटबाल, स्केटिंग, साॅफ्टबाॅल और योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। नेशनल स्कूली खेलों के लिए लड़कों व लड़कियों की 30 खेलों की प्रदेश स्तरीय टीमों का चयन किया जाएगा, जिसका सारा खर्च शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार की ओर से वहन किया जाएगा।
ये है कैलेंडर
- 8 से 10 सितंबर तक
पानीपत में फुटबॉल, कबड्डी, कुश्ती की प्रदेश स्तरीय स्पर्धाएं होंगी।
फरीदाबाद में तीरंदाजी, एथलेटिक्स (गर्ल्स) फेंसिंग, बैडमिंटन (लड़के) की प्रतियोगिताएं होंगी।
फतेहाबाद टेबल टेनिस, हॉकी (गर्ल्स) और ताइक्वांडो (लड़के) के मुकाबले होंगे।
चरखी दादरी में प्रदेश स्तरीय शतरंज अंडर-14, 17, 19 आयु वर्ग में मुकाबले होंगे।
चरखी दादरी में ही बॉक्सिंग अंडर-17 व 19 आयु वर्ग में लड़कियों के मुकाबले होंगे।
- 12 से 14 सितंबर तक
जींद में हैंडबॉल (गर्ल्स) खो-खो के मुकाबले होंगे।
यमुनानगर में भारोत्तोलन, अंडर-17 व 19 में लड़कियों व लड़कों के लाॅन टेनिस के मुकाबले होंगे।
पंचकूला में क्रिकेट अंडर-19 आयु वर्ग में लड़कियों के मुकाबले होंगे।
- 16 से 18 सितंबर तक
रेवाड़ी में तलवारबाजी (अंडर 17 लड़के व लड़कियां) के मुकाबले होंगे।
कुरुक्षेत्र में फुटबॉल (गर्ल्स) वाॅलीबाॅल (गर्ल्स), जूडो (अंडर 14 व 17) के मुकाबले होंगे।
सोनीपत में रेसलिंग (लड़कियों), ताइक्वांडो (लड़कियों) साॅफ्टबाॅल (लड़के), बाॅक्सिंग (लड़के) के मुकाबले होंगे।
- 24 सितंबर से 26 सितंबर तक
भिवानी में एथलेटिक्स (लड़के), क्रिकेट (अंडर 14 व 19 लड़के), बास्केटबॉल (लड़के)।
गुरुग्राम में नेटबाल (लड़के) के मुकाबले होंगे।
झज्जर में स्वीमिंग (लड़के), लाॅन टेनिस (लड़कियों) के मुकाबले होंगे।
- 29 सितंबर से 1 अक्तूबर तक
करनाल में हैंडबॉल (लड़के), वालीबॉल (लड़के) व साइकिलिंग।
रोहतक में हॉकी (लड़के), स्केटिंग, बेसबाल के मुकाबले होंगे।
- 3 से 5 अक्तूबर तक
सिरसा में नेटबाल, शूटिंग, साॅफ्टबाॅल में लड़कियों के मुकाबले होंगे।
कैथल में कराटे, जूडो (अंडर 19), क्रिकेट (अंडर 17) के मुकाबले होंगे।
-8 से 10 अक्टूबर तक मेवात में भारोत्तोलन (अंडर-19 लड़कियां व लड़के) के मुकाबले होंगे।