निगदू (करनाल)। सोमवार सुबह गांव कोयर-माजरा रोडान रोड पर ट्रैक्टर-ट्राली और स्कूल बस की टक्कर हो गई। जिससे ट्रैक्टर-ट्राली में सवार तीन मजदूर और उसका चालक घायल हो गया। जिन्हें करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि स्कूल बस में सवार 23 बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजनों की सांसें फूल गई। वे सभी बदहवास घटना स्थल की ओर दौड़े चले आए जहां अपने लाडलों को सलामत पाकर उन्हें राहत की सांस ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल बस चालक की गलती से ही यह हादसा हुआ है, इसीलिए वह मौके से फरार हो गया।
वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि गांव कोयर-माजरा रोडान सड़क पर निगदू के एक निजी स्कूल बस की टक्कर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ हो गई। हादसे के दौरान बस में 23 बच्चे सवार थे। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली में चालक सहित चार मजदूर सवार थे। बस व ट्रैक्टर-ट्रॉली की आपस में टक्कर होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। स्कूल बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं मौके से स्कूल बस चालक फरार हो गया। सीतामाई पुलिस चौकी से जांच अधिकारी राजबीर सिंह मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्राली चालक अशोक कुमार के बयान पर स्कूल बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में परिजनों ने किया हंगामा
इस हादसे के बाद बच्चों के परिजन सहमे हुए हैं। वे आक्रोशित होकर स्कूल में पहुंचे। उन्होंने कहा कि चालक द्वारा तेज रफ्तार बस चलाने के कारण यह हादसा हुआ है। सड़क किनारे पेड़ होने के कारण आज उनके बच्चों की जान बच गई।