माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक तथा केंद्रीय कार्यकारी परिषद सदस्य डा. इंद्रेश कुमार शनिवार को श्री आत्म मनोहर जैन आराधना जैन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने श्री घंटाकर्ण देवता, श्री ओसिया माता के दर्शन किए। साथ ही गुरु श्री मनोहर समाधि स्थल पर भी आराधना श्रद्धा-पुष्प अर्पित किए। साथ ही उन्होंने ट्रस्ट के अस्पताल में जाकर मरीजों से उनका हालचाल जाना और ट्रस्ट की ओर से लगाई गई आधुनिक मशीनों को भी देखा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केंद्रीय कार्यकारी परिषद सदस्य डा. कुमार ने कहा कि मेरा पिछले एक दशक से अधिक समय से इस संस्थान से आत्मीयतापूर्ण जुड़ाव है और इस संस्थान द्वारा सेवा कार्यों के साथ-साथ सर्व धर्म सम्मेलनों के द्वारा समाज में सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा कार्य भी प्रशंसनीय तथा आदर्श है। उन्होंने अस्पताल के सभी विभागों दांत, आंख, शल्यक्रिया, अल्ट्रासाउंड, लैबोरेट्री, एक्सरे, हड्डी-जोड़, जनरल मेडिसन, बाल एवं महिला रोग आदि का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं की सराहना की।
उन्होंने सभी चिकित्सकों को सम्मानसूचक वस्त्र से रोगियों की सेवा के लिए आशीर्वाद दिया और अस्पताल प्रबंधन को भी इस चिकित्सा संस्थान को ऊंचाइयों के अर्श तक पहुंचाने के लिए अनवरत परिश्रम करने की प्रेरणा दी। महासाध्वी माता प्रमिला महाराज ने सभी को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर सुशील जैन, अनिल जैन, भूषण गोयल, डा. मोहनलाल, अशोक जैन, नवीन जैन, डा. राकेश मित्तल आदि उपस्थित रहे।