करनाल। कल्वेहड़ी गांव के नजदीक शराब के ठेके में सेल्समैन का काम करने वाले दनियालपुर गांव निवासी युवक पोपीन (29) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना कुंजपुरा पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।
दनियालपुर गांव निवासी अनुज ने बताया कि वह चार भाई हैं। उनके सबसे बड़े भाई पोपीन (29) कल्वेहड़ी गांव के नजदीक शराब के ठेके पर बतौर सेल्समैन कार्यरत थे। रविवार को उनका भाई ठेके पर गया था। देर शाम को अचानक बेहोश हो गए। उनके दूसरे भाई विजय भी ठेके पर ही काम करते हैं। विजय ने इसकी सूचना ठेकेदार और परिजनों को दी। जब मौके पर पहुंचकर देखा तो पोपीन मृत पाया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुंजपुरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के सिविल अस्पताल के शवगृह से पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया। पोपीन के परिवार में पत्नी, दो बेटी और एक बेटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुंजपुरा थाना प्रभारी विक्रांत कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।