- एनटीए ने जारी की परीक्षा तिथि, कक्षा छठी और नौवीं में मिलेगा दाखिला
- 23 जनवरी तक आवेदन करने वाले विद्यार्थी ले सकेंगे परीक्षा में हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने तिथि जारी कर दी है। कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले के लिए पांच अप्रैल को परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा 190 शहरों में एनटीए की ओर से आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र और परीक्षा सूचना पर्ची अभी जारी नहीं हुई है।
देशभर के 33 सैनिक स्कूलों में दाखिले के लिए प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। 23 जनवरी तक आवेदन की प्रक्रिया चली। अब आवेदन पोर्टल बंद होने के बाद एनटीए ने प्रवेश परीक्षा की तिथि जारी की है। पांच अप्रैल को कक्षा छठी की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4.30 बजे तक और कक्षा नौवीं की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएंगी।
जारी अधिसूचना के अनुसार, परीक्षा ओएमआर शीट पर बहुविकल्पीय प्रश्नावली के रूप में होगी। कक्षा छठी में 300 और नौवीं की प्रवेश परीक्षा 400 अंकों की होगी। प्रवेश परीक्षा पेन पेपर मोड पर आधारित होगी, इसमें बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। कुंजपुरा के सैनिक स्कूल में कक्षा छठी के लिए 100 सीट (लड़के 90 व लड़कियां 10) और कक्षा नौवीं के लिए 21 (लड़के) अनुमानित रिक्त स्थान हैं जोकि कभी भी घटाए या बढ़ाए जा सकते हैं।
कुंजपुरा स्कूल में 67 प्रतिशत सीटें हरियाणा के बच्चों के लिए और 33 प्रतिशत सीटें अन्य राज्यों के लिए आरक्षित हैं। कुंजपुरा सैनिक स्कूल के प्रिंसिपल कर्नल विजय राणा ने बताया कि परीक्षा के बारे में अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार या अभिभावक आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं। ब्यूरो
यह है परीक्षा प्रारूप
- कक्षा छठी : परीक्षा में 300 अंकों के 125 प्रश्न पूछे जाएंगे। जोकि गणित, अंग्रेजी, सामान्य ज्ञान, भाषा और बुद्धि से संबंधित होंगे। इसकी समयावधि 150 मिनट होगी।
- कक्षा नौवीं : परीक्षा में 400 अंक के 150 सवाल पूछे जाएंगे। जोकि गणित, अंग्रेजी, इंटेलिजेंस, सामान्य विज्ञान और सामाजिक अध्ययन पर आधारित होंगे। इसकी समयावधि 180 मिनट होगी।