संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। टाटा स्टील वर्ल्ड कोलकाता की ओर सो आयोजित 25 किलोमीटर मैराथन में देश भर के हजारों धावकों ने भाग लिया। करनाल से इस प्रतियोगिता में कर्ण स्टेडियम के बॉक्सिंग कोच सुरेंद्र चौहान, डाॅ. बलबीर सिंह विर्क, समाजसेवी प्रवेश गाबा व राहुल कौशिक ने धाक जमाकर करनाल का कोलकाता में नाम रोशन किया।
इस प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व डाॅ. बलबीर सिंह विर्क ने किया। यहां उन्होंने अपने साथियों के साथ 25 किलोमीटर मैराथन में हिस्सा लिया। डाॅ. बलबीर सिंह विर्क और प्रवेश गाबा इससे पहले भी देश-विदेश के विभिन्न भागों में होने वाली मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। मैराथन प्रतियोगिता में भाग लेकर लौटे डाॅ. बलबीर सिंह विर्क ओर प्रवेश गाबा ने बताया कि वह इसमें भाग लेकर फिटनेस के मूल मंत्र को बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से आउटडोर खेल बंद हो गए हैं, उससे लोग कई बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। लाइफ स्टाइल से संबंधित बीमारियों से निजात पाने के लिए इस तरह के आयोजनों में भाग लेना जरूरी है। इस दिशा में मैराथन दौड़ सबसे बड़ा माध्यम है, इससे पहले भी वह देश-विदेश के विभिन्न भागों में जाकर करनाल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।