शातिर ठग ने वन विभाग से रिटायर एक कर्मचारी से बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर एक एप डाउनलोड करवाकर खाते से 99,999 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर पुलिस थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।
कर्ण विहार निवासी जिले सिंह ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर एक अनजान मोबाइल नंबर से एक व्हाट्सएप मैसेज आया। इसमें उसके घर का बिजली बिल न भरने के कारण रात के साढ़े नौ बजे कनेक्शन काटने बारे लिखा हुआ था और बिजली बिल अपडेट करने के लिए मोबाइल पर बात करने बारे लिखा हुआ था। उसने मोबाइल नंबर पर बात की तो कॉलर ने उसे अपने आपको एक बिजली अधिकारी बताया और कहा कि उसका बिजली बिल अपडेट नहीं हुआ है। वह उसे एक एप भेज रहा है। जिसे इंस्टॉल कर ऑनलाइन माध्यम से दो रुपये ट्रांसफर करने पड़ेंगे। इसके बाद आरोपी ने उसके पास एक एपीके फाइल भेजी दी। उसने उस फाइल को खोलकर एप को इंस्टॉल कर लिया। उसने फिर एप पर जाकर फीस के लिए दो रुपये जमा कर दिए। इसके बाद 30 अक्तूबर को उसके एसबीआई बैंक के खाते से पांच बार की ट्रांजेक्शन से कुल 99 हजार 999 रुपये निकल गए। कुछ देर उसे बिजली बिल भरने वाले के मैसेज के बारे का पता चला। उसने बताया कि किसी व्यक्ति ने बिजली अधिकारी बनकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। उसने तुरंत बैंक जाकर इसकी शिकायत दी और बैंक के ऑनलाइन डेबिट पर रोक लगवाई। साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।