चार दिन से लापता जेई दीपक का शव पांचवें दिन जानी गांव के पास पश्चिमी यमुना नहर से बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया है। जेई के ताऊ के लड़के मोहित ने शव देखा तो उसके चेहरे, गले और अन्य शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। मामले में परिजनों ने दीपक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया हैं।
परिजनों का कहना है कि सोमवार को जेई दीपक चंडीगढ़ से अपने गांव गगसीना लौट रहा था। इस दौरान उसने रात करीब आठ बजे परिजनों को फोन पर बताया था कि वह करनाल पहुंच गया है और थोड़ी देर में घर आ जाएगा। उसके साथ उसके दोस्त भी हैं, जिनके लिए घर पर खाना बनाने की बात उसने कही थी। इसके बाद जब नौ बजे तक दीपक घर नहीं आया और परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसे फोन करना चाहा, लेकिन उसका फोन बंद आया। आशंकित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कई स्थानों पर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा। थक हारकर देर रात को परिजनों ने मूनक थाने में शिकायत दी। काफी खोजबीन के बाद नहर किनारे जेई दीपक की गाड़ी मिली थी, जिसमें खाली बैग था और कुछ रुपये गाड़ी में ही गिरे थे। बताया जा रहा है कि मोटी रकम लेकर वह चंडीगढ़ से लौट रहा था।
शुक्रवार शाम चार बजे जेई का शव जानी गांव के पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर में दिखा तो गोताखोर को बुलाकर बाहर निकलवाया गया। जैसे ही परिवार वालों को इस बात का पता चला तो शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण नहर पर पहुंच गए। परिजनों को उम्मीद नहीं थी कि दीपक के साथ ऐसा हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया हुआ है। मूनक थाना प्रभारी मुकेश के अनुसार शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जेई की मौत से उठ रहे सवाल, चार दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ
आखिर किसकी और कितनी थी रकम, अभी रहस्य बरकरार
जेई का शव मिलने के बाद अब पुलिस की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं। चरचा है कि दोस्तों के साथ घर आने की बात कहकर आखिर जेई पश्चिमी यमुना नहर के किनारे क्यों गया। वहां पर जेई की गाड़ी और उसमें खाली बैग बरामद किया गया था। गाड़ी में कुछ रुपये गिरे भी मिले थे। चरचा है कि बैग में 1.10 करोड़ रुपये की रकम लेकर वह चंडीगढ़ से गांव आ रहा था। यह रुपये किसी नेता के बताए जा रहे हैं, लेकिन अब तक यह खुलासा नहीं हो सका है कि ये रुपये किसके थे। एसपी गंगाराम पूनिया के अनुसार जेई के पास कितने रुपये थे और किसके थे, इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ की गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
पत्नी की दो दिन से थी तबीयत खराब, घर पहुंचते ही मिली शव की सूचना
वीरवार को भी लापता जेई दीपक का कोई पता नहीं चलने के कारण उसकी पत्नी की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके बाद शुक्रवार को शाम करीब चार बजे उसे छुट्टी दे दी गई थी। दूसरी ओर घर पहुंचते ही दीपक के शव मिलने की खबर आई। इससे पूरे परिवार आसपास के क्षेत्र में मातम पसर गया।