करनाल/तरावड़ी। तरावड़ी स्थित शिव शक्ति इंटर ग्लोबल एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में एचआर विभाग में कार्यरत कर्मचारी शिव कुमार ने कर्मचारियों की फर्जी नियुक्ति दिखाकर करीब 50 लाख रुपये का घोटाला कर लिया। कंपनी के ऑडिट में फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। कर्मचारी करीब दो साल से कंपनी में कार्यरत है। एचआर प्रबंधक की शिकायत पर तरावड़ी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
तरावड़ी थाना पुलिस को दी गई शिकायत में एचआर प्रबंधक नरेंद्र हरितवाल ने बताया कि कंपनी में कार्यरत करनाल के शिव कॉलोनी निवासी कर्मचारी शिव कुमार पिछले कई महीनों से कर्मचारियों की तनख्वाह से जुड़ी प्रक्रिया में गड़बड़ी कर रहा था। प्रबंधक ने बताया कि आरोपी फर्जी कर्मचारी दिखाकर अलग-अलग खातों में वेतन केे रुपये डालता था। कंपनी की आंतरिक जांच में करीब 50 लाख रुपये से अधिक के घोटाले के पता चला है। जिन खातों की जानकारी सामने आई है, उनमें मीनाक्षी का खाता और शिव कुमार का भारतीय स्टेट बैंक का एक खाता शामिल है। कंपनी का कहना है कि इन खातों के अलावा भी अन्य खातों में रकम भेजी गई हो सकती है, जिनकी जांच जरूरी है।
तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि कंपनी के प्रबंधक की शिकायत पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस फिलहाल बैंक खातों और रुपयों के लेन-देन की जांच कर रही है। ताकि फ्रॉड की सही राशि और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।