संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश भेजने के नाम पर गांव मारवा कलां के इशप्रीत सिंह से साढ़े 110.5 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। उसे न तो विदेश भेजा गया और न ही राशि लौटाई गई। यह आरोप मोहाली के एसएएस नगर फेस 10 सेक्टर 68 स्थित बाज इंटरनेशनल कंसलटेंसी के प्रोपराइटर कमलजीत सिंह व प्रियंका शर्मा पर लगे हैं। पुलिस ने दोनों को नामजद व एक अन्य पर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना व्यासपुर पुलिस को दी शिकायत में गांव मारवाकला निवासी इशप्रीत सिंह ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में विदेश जाना चाहता था। इसी सिलसिले में मार्च-2024 को मोहाली के एसएएस नगर स्थित बाज इंटरनेशनल कंसलटेंसी के कार्यालय गया। वहां उसकी मुलाकात कमलजीत सिंह, प्रियंका शर्मा व अन्य व्यक्ति से हुई।
उन्होंने उसे कहा कि वह नौकरी के लिए लोगों को विदेश भेजते हैं और उसे भी वह नौकरी करने विदेश भेज देंगे। उन पर विश्वास कर अलग-अलग उन्हें साढ़े दस लाख रुपये व दस्तावेज दे दिए। कमलजीत व प्रियंका उसे जल्द विदेश भेजने का भरोसा देते रहे, मगर काफी समय बाद भी जब उसे विदेश नहीं भेजा तो इस बारे में उनसे बात की। लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर कमलजीत व प्रियंका से साढ़े दस लाख रुपये वापस मांगे, तब उन्होंने यह पैसे देने से इंकार कर दिया।