संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री जगदंबा देवी पंखा दंगल कमेटी की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय दंगल का समापन हो गया। जिसमें रोहतक के पहलवान रोबिन ने झज्जर के पहलवान रोहित को हरा गुर्ज पर कब्जा कर 71 हजार रुपए का इनाम जीत लिया। हारने वाले पहलवान रोहित को 30 हजार रुपए का इनाम दिया गया।
रविवार शाम को हुए रोचक मुकाबलों में दर्शक रस्सी तोड़ कर मैट के नजदीक पहुंच गए। पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने दंगल में पहुंच कर पहलवानों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पहलवानों को कुश्ती खेल की भावना से खेलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुश्ती दंगल भारत का पारंपरिक खेल है। हरियाणा के पहलवानों ने विश्व स्तर तक अपनी पहचान बनाई है। ऐसे आयोजनों में सबको सहयोग करना चाहिए। कमेटी की ओर से प्रधान रामधन कांबोज व अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट किया।
मौके पर प्रधान रामधन कांबोज, वरिष्ठ उपप्रधान रामचंद्र पाला पहलवान, कोषाध्यक्ष राजेंद्र नंबरदार, महासचिव फूल सिंह, पवन कांबोज, सतीश काका, नरसिंह मराठा, कर्णवीर आर्य, गोपीनाथ आर्य, राजकुमार, नरेंद्र, कृष्ण कुमार, सोम प्रकाश, फूल सिंह, अशोक कुमार व अशोक डिंकी मौजूद रहे।