चोरों को अब भगवान का भी खौफ नहीं रहा। अटल पार्क के सरस्वती मंदिर को निशाना बनाते हुए रात में दरवाजा तोड़कर घुसे और पीतल के ठाकुर जी, लक्ष्मी-नारायण व माता की प्रतिमा को चांदी के छह छतर समेत पूजा का अन्य सामान ले गए। पुजारी ने क्षेत्र की चौकी में शिकायत दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेक्टर-9 स्थित चौकी में अटल पार्क के सरस्वती मंदिर के पुजारी प्रभाकर ने बताया कि रात 9 बजे वे मंदिर को ताला लगाकर घर चले गए थे, सुबह 6.30 बजे जब मंदिर आए तो दरवाजा टूटा था। अंदर सामान भी इधर-उधर बिखरा था। उन्होंने बताया कि मंदिर का दान पात्र, पीतल की करीब 8 किलो की ठाकुर जी, माता और लक्ष्मी-नारायण भगवान की मूर्ति, पीतल की घंटी, लोटे, नाग और त्रिशूल, चांदी के छह छतर और सिरागी, माइक सेट, ताबे के तीन लोटे, कंबल, शंख और अन्य सामान ले गए।