कंपनी के शेयर में लगे पैसों का जीएसटी भरवाने के नाम पर 9 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। तरावड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी को दी शिकायत में सुमेर चंद ने बताया कि 2015 में मैंने रिलांयस कंपनी में 35 हजार रुपये शेयर के लिए लगाए थे। 2019 में मेरे पास अनिल महेश्वरी नामक व्यक्ति का फोन आया और प्रवीन शर्मा नाम के व्यक्ति से बात कराई। इनके साथ नवीन शर्मा और एक लड़की भी थी। उन्होंने कहा कि मेरे शेयर की पेमेंट बढ़ गई है और 18 प्रतिशत जीएसटी भरने के बाद मेरी पेमेंट रिलीज होगी। बार-बार फोन कर और सारे दस्तावेज मेरे पास भेजकर मुझे झांसे में ले लिया और कहा कि उसकी पूरी रकम 57 लाख 74340 रुपये हो गई है। जिसका 18 प्रतिशत जीएसटी 10 लाख 39381 रुपये बनता है। इसी बहाने उन्होंने करीब 9 लाख रुपये एेंठ लिए।