कैथ्ाल के ढांड में पूंडरी से कुरुक्षेत्र के बहु समाना जा रहे ट्राले को 12 लाख रुपये से भी अधिक कीमत के धान सहित लूट लिया। लुटेरों ने पहले गांव पबनावा के पास से ट्राले सहित चालक का अपहरण किया। बाद में उसे कुरुक्षेत्र जिले में सुनसान रास्ते पर पेड़ से बांधकर धान से भरे ट्रालेसहित फरार हो गए। ढांड पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रमाना निवासी ट्राला चालक जसबीर सिंह बीती रात पूंडरी से करीब साढ़े 11 बजे 490 बासमती जीरी के कट्टे ट्राले में लोड करके समाना बहू कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुआ था। करीब साढ़े 12 बजे के बीच में गांव पबनावा के पास बोलेरो में सवार कुछ बदमाशों ने चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया और ट्राले के रुकने पर गाड़ी में सवार दो लोग ट्रालेमें बैठ गए और चालक को जबरन ट्राले सहित कुरुक्षेत्र की ओर लेकर चल दिए। बाद में कुरुक्षेत्र के पास ही वे चालक को सुनसान रास्ते में पेड़ से रस्सी के साथ बांधकर धान से भरा ट्राला लूटकर ले गए।
लूटी हुई जीरी की कीमत 12 लाख रुपये से भी अधिक है। इसके बाद ट्राला चालक कड़ी मशक्कत के बाद स्वयं को रस्सी से खुलवाकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय स्थित पुलिस चौकी में पहुंचा और उसके साथ घटित हुई घटना के बारे में शिकायत की। जिसके बाद कुरुक्षेत्र पुलिस ने सारे मामले से ढांड पुलिस को अवगत करवाया।
घटना की सूचना मिलने के साथ ही ढांड पुलिस हरकत में आ गई और पबनावा में घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया व कुरुक्षेत्र पुलिस भी अपने स्तर पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस के पास मामले की शिकायत आई है और पुलिस मामले की काफी बारीकी से जांच कर रही है।