भारतीय खाद्य निगम ढांड में बनी सड़कें ट्रक चालकों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी हैं। मेन गेट से लेकर अंदर गोदामों तक की सभी सड़कें टूट चुकी है। इसे लेकर ट्रक चालकों ने निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
ट्रक मालिक बाली राम, जसमेर सिंह, रमेश कुमार, रोशन, भागा राम, बलविंद्र, ट्रक चालक बिल्ला, पवन और सलिंद्र ने बताया कि गोदामों के अंदर बनी सड़कें बुरी तरह से टूट चुकी हैं। सड़कों में गहरे गड्ढे बन चुके हैं।
शनिवार को कई गाड़ियां गहरे गड्ढों में धंस गई और चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि निगम के अधिकारियों को पत्र लिखकर भेजा गया है, लेकिन आज तक किसी भी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया।
उनका कहना है कि अगर इस समस्या का जल्द हल नहीं करवाया गया तो वे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे।