मेरठ रोड पर बाइक सवार बाप-बेटे को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूल रूप से यूपी के शामली के गांव बड़ौली निवासी शहजाद अपने पिता बंधू उर्फ सबीर के साथ बाइक पर सवार होकर सब्जी मंडी में आ रहा था। जैसे ही वे मेरठ रोड पर पहुंचे तो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार बाप-बेटा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उनको उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने बंधू उर्फ सबीर को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। शव परीक्षण के बाद परिजनों को सौप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।