13.70 करोड़ रुपये के सीएमआर में हेराफेरी करने के आरोपी घरौंडा के शिव शंकर राइस मिल को सोमवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सील कर दिया है। राइस मिल की संपत्ति की नीलामी करके सरकारी धन की भरपाई करने के लिए डीएफएससी ने उपायुक्त को रिपोर्ट भेज दी है।
खाद्य आपूर्ति अधिकारी इंद्र संधू ने बताया कि घरौंडा के अराईपुरा रोड स्थित शिव शंकर राइस मिल को 2013-14 में 77512.40 क्विंटल धान आवंटित किया गया था। राइस मिल को 51933 .31 क्विंटल चावल देना था लेकिन तय तिथि तक 10783.85 क्विंटल चावल ही लौटाया। 41149.70 क्विंटल चावल की हेराफेरी कर ली। जिससे एफसीआई को कुल 13.70 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। विभाग ने मिल मालिकों व उनके गारंटरों को कई बार पत्र लिखे। मिल मालिक व गारंटरों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई। लेकिन मिल मालिक ने सरकारी धन नहीं लौटाया। इस कारण सोमवार को जिला उपायुक्त के आदेश पर मिल को सील कर दिया गया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट रमेश कुमार, खाद्य आपूर्ति अधिकारी इंदर सिंह संधू, राजेंद्र कुमार व नीरज वधवा आदि टीम में शामिल रहे।