माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सराफा बाजार में एक दुकान से करीब 13 लाख रुपये का सोने का बिस्कुट चुराने वाले आरोपी की धरपकड़ को लेकर जिला व्यापार मंडल के कई ट्रेडों के प्रधान और व्यापारी शुक्रवार को एसपी गंगाराम पूनिया से मिले। व्यापारियों ने एसपी के सामने बाजारों में बढ़ रहे अपराधों, चोरी की घटनाओं के साथ अन्य समस्याओं को रखा।
वहीं सराफ ने दुकान से सोना चुराने वाले का सुराग देने पर इनाम देने की घोषणा की है। एसपी ने आश्वासन दिया कि उन्होंने पुलिस की कई टीम अपराधियों को पकड़ने के लिए लगा दी हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हमेशा उनके साथ है। अगर बाजार, दुकानदार या व्यापारियों के साथ कोई ऐसी घटना हो तो पुलिस को तुरंत सूचना दें। व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता किशोर नागपाल, जिला चेयरमैन नरेंद्र बंबा, सर्राफा संगठन प्रधान कमल गुप्ता, कर्ण गेट प्रधान रवि चौधरी, जीटी रोड एसोसिएशन के प्रधान मनमीत, कुंजपुरा रोड एसोसिएशन के प्रधान पुंशल गिरधर, बाबा स्वर्णकार सभा के प्रधान बुटाराम समेत अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
दूसरी ओर सर्राफा व्यापारी सूर्या मक्कड़ ने चोरी की सीसीटीवी दिखाते हुए घोषणा की है कि चोर की पहचान बताने वाले को इनाम दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन और आम लोगों को भी सीसीटीवी की तस्वीर सौंपी है। सूर्या मक्कड़ ने बताया कि उनकी कर्ण गेट पर माया ज्वेलर के नाम से दुकान है।
वीरवार को उनकी दुकान पर एक आदमी ज्वेलर बनकर सामान लेने आया। पहले दुकान पर चांदी का कुछ सामान देखा बाद में दुकान से 122 ग्राम प्योर सोने का टुकड़ा बिस्कुट चोरी कर ले गया। सीसीटीवी में चोर की तस्वीर कैद हो गई। व्यापारी ने थाना शहर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर का सुराग लगाया जा रहा है।