संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की मासिक बैठक का आयोजन सोमवार को किसान भवन में किया गया। इसमें किसानों के कई मुद्दों पर चर्चा की गई। पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से हुई तबाही को लेकर प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई। एक सप्ताह के भीतर राशन और अन्य सामग्री की पहली खेप भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के माध्यम से पंजाब में भेजी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने कहा कि चंडीगढ़ के किसान भवन में राहत सामग्री एकत्रित करने के लिए कैंप लगाया गया है। जिसकी निगरानी भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की ओर से प्रदेश भर में घरेलू उपभोक्ताओं के घरों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए जाने की योजना का जोरदार विरोध किया जाएगा। सुरेंद्र बैनीवाल, शाम सिंंह मान, सुरेंद्र सागवान, यशपाल राणा, जोगिंद्र बस्तली, रणजीत आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता जिला प्रधान सुरेंद्र सिंह घुम्मन ने की।